पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
चाईबासा में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, ईंधन कीमतों में कमी की मांग

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा चाईबासा में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित शहीद पार्क के समीप आईबीपी पेट्रोल पंप पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से आम जनता की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाई जाएगी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तत्काल कमी की मांग की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता प्रखंड स्तर तक लोगों से संपर्क कर बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनमत तैयार करेंगे।

कांग्रेस जिला प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार राहत देने के बजाय टैक्स वसूली में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए उत्पाद शुल्क और अन्य करों के कारण ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई हैं। इसका असर परिवहन, खेती-किसानी, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।

जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने के बावजूद आम जनता को उसका लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तेल कंपनियों के माध्यम से जनता की जेब पर बोझ डाल रही है।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि कांग्रेस संगठन की मांग है कि केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए अतिरिक्त करों को कम कर जनता को राहत दे।

अभियान में पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, पूर्व प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां, सूरज मुखी, दिकु सावैयां, ललित दोराईबुरु, मंजीत प्रधान, सीताराम गोप, शैलेश गोप, राहुल पूर्ती, राखी सालुजा, डॉ. क्रांति मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।




