अंधविश्वास की आड़ में महिला पर जानलेवा हमला, डायन बताकर गला दबाने का आरोप
रक्षाबंधन की रात दुईआ गांव में हुई घटना, पीड़िता ने मुखिया से लगाई गुहार; आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत की तैयारी

सारंडा के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुईआ गांव में अंधविश्वास के कारण एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने महिला को डायन समझकर उसे जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। यह घटना रक्षाबंधन की रात 28 अगस्त को करीब 8 बजे की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, दुईआ गांव निवासी मंजू गोप (35), पति बुधराम चेरवा, गांव के ही एक व्यक्ति के घर से काम समाप्त कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही राम गोप उर्फ ऊंतू गोप ने कथित तौर पर उसे रोक लिया और अचानक हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे जमीन पर पटक दिया तथा गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया।मंजू गोप ने बताया कि उसने काफी संघर्ष किया और किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर अपनी जान बचाई। गला दबाए जाने से उसके गले पर निशान पड़ गए हैं। घटना के बाद वह काफी भयभीत और सहमी हुई है।जान बचाने के बाद मंजू गोप सीधे गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल के घर पहुंची और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता का आरोप है कि राम गोप उसे डायन मानता है और इसी अंधविश्वास के चलते उस पर जानलेवा हमला किया गया।पीड़िता ने बताया कि वह 29 अगस्त को छोटानागरा थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराएगी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। इस घटना के बाद गांव में अंधविश्वास को लेकर एक बार फिर चिंता का माहौल बन गया है।




