भाजपा का पानी संकट पर प्रदर्शन सिर्फ राजनीतिक नौटंकी : बुधराम लागुरी
झामुमो ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का लगाया आरोप

चाईबासा में पेयजल संकट को लेकर भाजपा द्वारा किए गए प्रदर्शन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने भाजपा के आंदोलन को “सिर्फ राजनीतिक नौटंकी” करार देते हुए कहा कि जनता की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
गुरुवार को जारी प्रेस बयान में बुधराम लागुरी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर जनता का ध्यान हटाने के उद्देश्य से इस तरह के प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से काम करने के बजाय केवल दिखावटी राजनीति कर रही है।
झामुमो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राज्य में पेयजल संकट की समस्या भाजपा शासनकाल से चली आ रही है, लेकिन उस समय इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार अब इस व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी हुई है।
बुधराम लागुरी ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक पेयजल सुविधा पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कई क्षेत्रों में पाइपलाइन विस्तार, जलमीनार निर्माण और खराब चापाकलों की मरम्मत का कार्य जारी है। इसके बावजूद भाजपा जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जल जीवन मिशन, ग्रामीण विकास और अन्य केंद्रीय योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि समय पर जारी नहीं की जा रही है, जिससे कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि झारखंड के बकाया फंड को रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर गरीबों, किसानों, मजदूरों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों पर पड़ रहा है।
झामुमो ने केंद्र सरकार से झारखंड के लंबित फंड को अविलंब जारी करने की मांग की है, ताकि राज्य में विकास कार्यों को गति मिल सके।




