गुवा सेल अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर संयुक्त यूनियन का हल्ला बोल
झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन, दवा, सफाई, एक्सरे, प्रसूति और रेफरल व्यवस्था में सुधार की मांग; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और उत्पादन ठप करने की चेतावनी

गुवा अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर संयुक्त यूनियन ने उठाई आवाज
गुवा स्थित सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार गिरावट और मरीजों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष राम पांडेय ने मुख्य महाप्रबंधक (खान), गुवा आयरन माइंस को ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल की अव्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि जब से डॉ. ए.के. अमन को गुवा अस्पताल का चिकित्सा प्रभारी बनाया गया है, तब से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। इसका असर कर्मियों, स्थानीय निवासियों एवं ग्रामीणों पर पड़ रहा है। संघ का आरोप है कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ अस्पताल कर्मियों द्वारा सही व्यवहार नहीं किया जा रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
-
संघ ने अस्पताल की कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सुधार नहीं हुआ। ज्ञापन में अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, वार्ड, स्नानघर एवं शौचालयों की नियमित सफाई, नई एक्सरे मशीन लगाने तथा मरीजों के लिए नाश्ता एवं भोजन की उचित व्यवस्था करने की मांग की गई है।
-
इसके अलावा संघ ने रविवार को भी लैब खुला रखने, सभी रोगियों के लिए सलाइन उपलब्ध कराने, गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसूति सुविधा बेहतर करने तथा अल्ट्रासोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि जिन मरीजों का इलाज राउरकेला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में चल रहा है, उन्हें रेफर करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
-
संघ ने आरोप लगाया कि ठेका कर्मियों के इलाज और दवाइयों के बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है तथा राउरकेला भेजे जाने वाले मरीजों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं रहती। अस्पताल परिसर में गंदगी और मच्छरों की बढ़ती समस्या को लेकर नियमित सफाई और कीटनाशक छिड़काव की मांग भी की गई है।
झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा और गुवा आयरन माइंस का उत्पादन एवं डिस्पैच ठप किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि झारखंड खान समूह बोकारो के कार्यपालक निदेशक (कार्मिक), मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) किरीबुरू, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) गुवा, चिकित्सा प्रभारी गुवा अस्पताल तथा थाना प्रभारी गुवा को भी भेजी गई है।




