गुवा एसएन हाई स्कूल का 12वीं परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत, पायल भंज बनी स्कूल टॉपर
21 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी से परीक्षा की उत्तीर्ण, विद्यालय में खुशी का माहौल

12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम बुधवार को जारी किया गया, जिसमें गुवा स्थित एसएन हाई स्कूल का प्रदर्शन शानदार रहा। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा, जिससे स्कूल परिसर में खुशी का माहौल देखा गया।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय से कुल 62 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें एक छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहा, जबकि परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। खास बात यह रही कि विद्यालय के 21 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण कर स्कूल का नाम रोशन किया।
इस वर्ष विद्यालय की टॉपर पायल भंज रहीं, जिन्होंने 67.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं दूसरे स्थान पर उषा टोप्पो रहीं, जिन्हें 67.02 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। तीसरे स्थान पर सुहानी कुमारी साह रहीं, जिन्होंने 67 प्रतिशत अंक हासिल किए। चौथे स्थान पर रीता हलदार रहीं, जिन्हें 65 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए।

विद्यालय के बेहतर परीक्षा परिणाम पर प्रधानाचार्य राजलक्ष्मी सिंकु एवं शिक्षक अनूप कुमार गुप्ता ने खुशी जताई। उन्होंने सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का ही यह सकारात्मक परिणाम है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास करता रहेगा, ताकि छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बीच उत्साह का माहौल रहा। सफल छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया।




