Welcome to चाईबासा न्यूज अपडेट्स   Click to listen highlighted text! Welcome to चाईबासा न्यूज अपडेट्स
लोकल न्यूज़

पुलिस एसोसिएशन प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से की शिष्टाचार मुलाकात

घायल पुलिसकर्मियों के बेहतर इलाज, मॉर्चरी व जिम सेंटर की मांग; उपायुक्त ने दिया समाधान का आश्वासन

पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में गुरुवार, 7 मई 2026 को पुलिस एसोसिएशन एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा चाईबासा के पदाधिकारियों ने जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले में कार्यरत पुलिसकर्मियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं को लेकर उपायुक्त के समक्ष मांगें रखीं।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पुलिसकर्मी लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान घायल एवं बीमार होने वाले पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। एसोसिएशन की ओर से गंभीर रूप से घायल पुलिस जवानों के इलाज हेतु केबिन सुविधा की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया।

इसके साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए मॉर्चरी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई, ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस केंद्र में आधुनिक जिम सेंटर स्थापित करने को लेकर भी आवेदन पत्र सौंपा। उनका कहना था कि पुलिस जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए फिटनेस सुविधाएं जरूरी हैं।

उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सभी मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं और उनकी सुविधाओं को लेकर प्रशासन संवेदनशील है।

उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मुलाकात के दौरान पुलिस एसोसिएशन एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा चाईबासा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!