गुवा महिला समिति ने संगीत प्रशिक्षण परीक्षा का परिणाम किया घोषित
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बांटे गए रिजल्ट कार्ड, समिति ने बढ़ाया उत्साह

गुवा महिला समिति द्वारा संचालित संगीत प्रशिक्षण कार्यक्रम की नवंबर 2025 में आयोजित परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित किया गया। परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अच्छे अंक प्राप्त किए। बच्चों की सफलता से अभिभावकों, प्रशिक्षकों और समिति के सदस्यों में खुशी का माहौल देखा गया।
बुधवार देर शाम गुवा स्थित सेल क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सफल छात्र-छात्राओं के बीच रिजल्ट कार्ड का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से गुवा महिला समिति की अध्यक्ष शालू कुमारी उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि संगीत केवल कला नहीं, बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम भी है। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान समिति की सचिव जयश्री नंदकोलियर सहित गीता आनंद, श्वेता सिंहा, प्रवीण सुल्ताना एवं नीलम बंगा मौजूद रहीं। वहीं संगीत प्रशिक्षकों में योगेंद्र त्रिपाठी एवं तापस दास की उपस्थिति भी रही।
समारोह में संगीत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों की उपलब्धियों की सराहना की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अभिभावकों ने भी समिति की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महिला समिति द्वारा समय-समय पर बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे क्षेत्र के बच्चों को अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिल रहा है।




