गुवा में कंप्यूटर कक्षा का उद्घाटन, 45 युवाओं को मिलेगा कौशल विकास का लाभ
सेल गुवा ओर माइंस की सीएसआर पहल, ग्रामीण युवाओं को दी जाएगी कंप्यूटर शिक्षा

गुवा में युवाओं के कौशल विकास और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेल गुवा ओर माइंस के एल एंड डी सेंटर में कंप्यूटर कक्षा का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन सीजीएम माइंस सी.बी. कुमार के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सीजीएम (एचआर) धीरेंद्र मिश्रा एवं सीजीएम माइंस सी.बी. कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, मुखिया चांदमनी लागुरी, मानव संसाधन महाप्रबंधक पी.के. सिंह, सूचना एवं परिवहन महाप्रबंधक डॉ. टी.सी. आनंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में गुवासाई, ठाकुरा, नुइया, लिपुंगा और हिरजी-हाटिंग गांवों के मुंडा समुदाय के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

जानकारी के अनुसार, सेल गुवा ओर माइंस द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत इस कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन के लिए रांची स्थित श्रीजन फाउंडेशन� के साथ समझौता किया गया है। इस पहल के माध्यम से सीएसआर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के कम से कम 45 छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी डीजीएम सीएसआर अनिल कुमार की देखरेख में निभाई जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ना और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है।

स्थानीय लोगों ने सेल प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को नई तकनीकी जानकारी मिलेगी और भविष्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।




