Welcome to चाईबासा न्यूज अपडेट्स   Click to listen highlighted text! Welcome to चाईबासा न्यूज अपडेट्स
लोकल न्यूज़

सारंडा के 18 सीएसआर गांवों में सेल गुवा का मच्छरदानी वितरण अभियान शुरू

बरसात में मलेरिया-डेंगू से बचाव के लिए सीजीएम सी.बी. कुमार के नेतृत्व में पहल

सारंडा के 18 सीएसआर गांवों में सेल गुवा का मच्छरदानी वितरण अभियान शुरू
बरसात के मौसम में मलेरिया, डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों से ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सेल गुवा प्रबंधन ने सारंडा क्षेत्र के 18 सीएसआर गांवों में मच्छरदानी वितरण अभियान शुरू किया है। यह अभियान सीजीएम माइंस सी.बी. कुमार के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सभी लाभुक परिवारों तक समय पर मच्छरदानी पहुंचाकर उन्हें मच्छरजनित बीमारियों से बचाव उपलब्ध कराना है।

अभियान के तहत अब तक गुवासाई, हिरजी हाटिंग, नुईया, ठाकुरा, गंगदा, दुईया, घाटकुड़ी और लेम्ब्रे गांवों में मच्छरदानियों का वितरण किया जा चुका है। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सराहनीय कदम बताया। सेल प्रबंधन ने बताया कि शेष 10 सीएसआर गांवों में भी अगले दो से तीन दिनों के भीतर वितरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। सारंडा के सभी 18 सीएसआर गांव मलेरिया के कोर जोन में आते हैं। घने जंगल, अधिक वर्षा और नमी के कारण यहां हर वर्ष मलेरिया के मामले सामने आते हैं।

इसी को ध्यान में रखते हुए सेल ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत यह विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान का उद्देश्य केवल मच्छरदानी वितरित करना ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। उप महाप्रबंधक अनिल कुमार सहित सेल के अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव जाकर मच्छरदानी के सही उपयोग की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही लोगों से रात में हमेशा मच्छरदानी लगाकर सोने, घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, साफ-सफाई बनाए रखने, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने तथा बुखार आने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के मौसम में यह पहल मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों की रोकथाम में काफी मददगार साबित होगी। सेल गुवा प्रबंधन की यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!