शिक्षा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : गीता कोड़ा
जगन्नाथपुर में विभाग स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता-2026 का आयोजन

जगन्नाथपुर : विद्या विकास समिति, झारखंड की ओर से पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, जगन्नाथपुर में विभाग स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गीता कोड़ा ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और विकसित भारत के निर्माण के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और महान विभूतियों के जीवन से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ज्ञान सबसे शक्तिशाली हथियार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति, मातृभाषा में शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, शोध और नए शिक्षण संस्थानों के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और तैयारी के मंच उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया गया है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।

गीता कोड़ा ने कहा कि वर्तमान समय में जब विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हो रही है, ऐसे में राजनीति से ऊपर उठकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।




