रतनलाल पेट्रोल पंप चौक पर नो-एंट्री बोर्ड लगाने की मांग, बड़े वाहनों से दुर्घटना का खतरा
नो-एंट्री की स्पष्ट जानकारी के लिए सांकेतिक बोर्ड लगाने की मांग

चाईबासा: शहर के बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर निर्धारित नो-एंट्री व्यवस्था के बावजूद भारी और बड़े वाहनों के अनजाने में प्रवेश करने की समस्या को लेकर कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने रतनलाल पेट्रोल पंप चौक पर प्रमुख स्थान पर बड़ा और स्पष्ट नो-एंट्री सांकेतिक बोर्ड लगाने की मांग की है।
त्रिशानु राय ने कहा कि रतनलाल पेट्रोल पंप चौक पर नो-एंट्री से संबंधित पर्याप्त एवं स्पष्ट संकेतक नहीं होने के कारण वाहन चालकों को समय रहते प्रतिबंधित मार्ग की जानकारी नहीं मिल पाती है। इसके चलते कई बार बड़े वाहन नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं।
उन्होंने कहा कि बाजार एवं शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम राहगीरों, दुकानदारों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। यदि नो-एंट्री की जानकारी प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, तो वाहन चालक समय रहते वैकल्पिक मार्ग अपना सकते हैं।
उन्होंने प्रशासन से रतनलाल पेट्रोल पंप चौक सहित नो-एंट्री वाले प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त आकार के, स्पष्ट और दूर से दिखाई देने वाले यातायात संकेतक लगाने की मांग की। आवश्यकता के अनुसार अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी संकेतक लगाने का आग्रह किया गया।
त्रिशानु राय ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए नियमों का पालन कराने के साथ वाहन चालकों को नियमों की स्पष्ट जानकारी देना भी जरूरी है। समय रहते उचित सांकेतिक बोर्ड लगाए जाने से अनजाने में नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश, यातायात जाम और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है।




