मामूली खीट पिट पर खूनी हमला, युवक का गला काटने का प्रयास
तमिल भाषा की नकल करने पर भड़का विवाद

किरीबुरू थाना क्षेत्र के मिलन चौक में मामूली मजाक अचानक खूनी वारदात में बदल गया। मिलन चौक निवासी चंद्रमोहन गोप (32) पर करूआ बस्ती के कालू करूआ ने धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना 16 मई की देर शाम की बताई जा रही है। घायल युवक को तत्काल सेल अस्पताल, किरीबुरू में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।जानकारी के अनुसार चंद्रमोहन गोप मजदूरी कर घर लौटने के बाद पास की एक दुकान पर सामान लेने गया था। उसी दौरान वहां मौजूद कालू करूआ उससे बातचीत करने लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी हाल ही में चेन्नई से मजदूरी कर लौटा था और तमिल भाषा में कुछ बोल रहा था। चंद्रमोहन ने इसे मजाक में लेते हुए उसी अंदाज में जवाब दिया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।आरोप है कि विवाद के दौरान कालू करूआ ने अचानक अपने पास रखा चाकू निकालकर चंद्रमोहन के गले पर वार कर दिया।हमला इतना तेज था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत सेल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्परता दिखाते हुए उसका इलाज शुरू किया और उसकी जान बच गई।घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल का बयान दर्ज किया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी का प्रयास जारी है।घटना के बाद मिलन चौक और करूआ बस्ती क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसक घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं।




