32 जरूरतमंद विद्यार्थियों को रोटरी क्लब ने बांटे रेनकोट, बारिश में पढ़ाई जारी रखने का बढ़ाया हौसला
बारिश में नहीं रुकेगी पढ़ाई

चाईबासा : रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा ने सामाजिक सेवा एवं शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, चाईबासा में 32 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के बीच रेनकोट का वितरण किया। विद्यालय द्वारा चिन्हित विद्यार्थियों को बारिश के दौरान विद्यालय आने में परेशानी होती थी।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन अमित पोद्दार ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। कई विद्यार्थी लगातार बारिश के बावजूद भीगकर विद्यालय पहुंचते हैं, लेकिन उनकी पढ़ाई के प्रति लगन कम नहीं होती। ऐसे बच्चों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से क्लब ने उन्हें रेनकोट उपलब्ध कराया है।

विद्यालय की शिक्षिका दीप्ति सिन्हा की पहल पर रेनकोट के अभाव में बारिश में भीगकर विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों की पहचान की गई। आर्थिक रूप से कमजोर इन विद्यार्थियों की सूची प्रधानाचार्या रश्मि अलडा के सहयोग से तैयार की गई। इसके बाद रोटरी क्लब ने सभी 32 विद्यार्थियों को रेनकोट उपलब्ध कराया।
इस सेवा कार्य के प्रायोजक रोटेरियन मदन लाल गुप्ता, रोटेरियन विवेक शर्मा, रोटेरियन सुनीत खिरवाल, डॉ. वीणा मूंधड़ा एवं रोटेरियन संदीप दोदराजका रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटेरियन महेश खत्री, विद्यालय प्रबंधक माधवेंद्र कुईला, विनोद कुमार ओझा एवं श्रावंति दास का सराहनीय योगदान रहा। रोटरी क्लब ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और आवश्यकताओं में सहयोग करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। क्लब भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज सेवा से जुड़े जनकल्याणकारी कार्य जारी रखेगा।




