काशिया पेचा गांव में सोलर जल मीनार हेतु डीप बोरिंग कार्य का शुभारंभ
सीजीएम चंद्रभूषण कुमार ने किया कार्यारंभ, वर्ष 2026 तक सभी सीएसआर प्रभावित गांवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य

काशिया पेचा गांव में सोलर जल मीनार हेतु डीप बोरिंग कार्य का शुभारंभ
गुवा स्थित सेल की गुवा आयरन माइंस के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) चंद्रभूषण कुमार ने सीएसआर प्रभावित गांव काशिया पेचा में सौर ऊर्जा आधारित जल मीनार स्थापित करने के लिए डीप बोरिंग कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सेल प्रबंधन का लक्ष्य वर्ष 2026 तक गुवा क्षेत्र के सभी सीएसआर प्रभावित गांवों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से सोलर जल मीनार परियोजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से ग्रामीणों को वर्षभर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा और जलजनित बीमारियों पर भी नियंत्रण लगेगा। सीजीएम चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि सेल सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत क्षेत्र के विकास एवं ग्रामीणों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पहले भी सेल प्रबंधन द्वारा लगभग 8 गांवों में सोलर जल मीनार स्थापित किए जा चुके हैं, जिनका लाभ हजारों ग्रामीणों को मिल रहा है।
काशिया पेचा गांव में स्थापित होने वाली यह सोलर जल मीनार परियोजना सीएसआर विभाग के डीजीएम अनिल कुमार के नेतृत्व में क्रियान्वित की जा रही है। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए सेल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे गांव में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान होगा।




