नशे के दुष्प्रभावों से बच्चों एवं युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से गुवा स्थित सेल डीएवी पब्लिक स्कूल तथा मध्य विद्यालय में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया।यह अभियान ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत आयोजित किया गया।अभियान के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि नशे की आदत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करेंगे।बताया गया कि ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से देशभर में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में 6 अगस्त से 20 अगस्त तक विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों और शिक्षकों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य देश के युवाओं और विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाना तथा स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।