लोकल न्यूज़

गुवा सेल प्रबंधन के फैसले पर भड़के रामा पांडे, ठेका मजदूरों के समर्थन में आर-पार की लड़ाई का ऐलान

आंदोलन के बीच ठेका मजदूरों को काम से हटाने के निर्देश पर बढ़ा विवाद, यूनियन ने प्रबंधन पर मजदूरों को आपस में लड़ाने का लगाया आरोप

गुवा सेल खदान क्षेत्र में स्थानीय युवाओं की बहाली को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन के बीच बुधवार को सेल प्रबंधन ने गुवा में कार्यरत सभी ठेकेदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रबंधन द्वारा ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि जब तक आंदोलन जारी रहेगा, तब तक सभी ठेका मजदूरों को काम पर नहीं लगाया जाए।

प्रबंधन के इस फैसले के बाद क्षेत्र में ठेका मजदूरों के बीच चिंता का माहौल उत्पन्न हो गया है। वहीं, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने सेल प्रबंधन की नीति पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सेल प्रबंधन जानबूझकर मजदूरों को आपस में लड़वाने का काम कर रही है। रामा पांडे ने कहा कि ठेका मजदूर रोज कमाने-खाने वाले लोग हैं। यदि उन्हें काम से बैठा दिया गया तो उनके सामने परिवार चलाने का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा और भूखे मरने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन आंदोलन का समाधान निकालने के बजाय मजदूरों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सेल प्रबंधन की इस मजदूर विरोधी नीति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए यूनियन अब आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है। वहीं आंदोलन को लेकर खदान क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!