गुवा क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनी विश्वकर्मा पूजा
विभिन्न विभागों, खदान क्षेत्र एवं जीरो प्वाइंट में हुई पूजा-अर्चना, महिला समिति ने आशाएं हस्तकरघा केंद्र में किया आयोजन

सेल गुवा क्षेत्र में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना पूरे हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ की गई। सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार के दिशा-निर्देशानुसार विभिन्न विभागों एवं कार्यस्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।इस अवसर पर सेल गुवा के साइजिंग स्क्रीन, मोटर वाइंडिंग सेक्शन, सिविल ऑफिस, स्टोर, खदान क्षेत्र एवं जीरो प्वाइंट में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। पूजा को लेकर श्रमिकों एवं कर्मचारियों में खासा उत्साह देखा गया। विभिन्न पूजा स्थलों पर आकर्षक सजावट एवं विद्युत रोशनी की व्यवस्था की गई थी, जिससे लौह नगरी गुवा का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
वहीं, महिला समिति की ओर से आशाएं हस्तकरघा केंद्र में महिला समिति की अध्यक्ष शालू कुमार के नेतृत्व में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान महिला समिति की सदस्य महिलाएं एकजुट होकर पूजा में शामिल हुईं। अध्यक्ष शालू कुमार ने जनकल्याण, सुख-समृद्धि एवं क्षेत्रवासियों की खुशहाली के लिए भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की। पूजा के दौरान विभिन्न स्थानों पर की गई सजावट एवं रूप-सज्जा आकर्षण का केंद्र रही। सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने क्षेत्र के विभिन्न पूजा स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पूजा को सफल बनाने में श्रमिकों, कर्मचारियों एवं आयोजन समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




