Welcome to चाईबासा न्यूज अपडेट्स   Click to listen highlighted text! Welcome to चाईबासा न्यूज अपडेट्स
लोकल न्यूज़

विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ का सिविल विभाग पर प्रदर्शन, एक सप्ताह का अल्टीमेटम

ठेका मजदूरों की समस्याओं को लेकर सेल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन, वार्ता में समाधान का आश्वासन; मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (जेएमएसएस) एवं ठेका मजदूरों ने गुरुवार शाम करीब 4 बजे गुवा सेल के सिविल विभाग का घेराव कर प्रदर्शन किया। लगभग एक घंटे तक चले आंदोलन के बाद सेल प्रबंधन ने यूनियन प्रतिनिधियों एवं ठेका मजदूरों को जनरल ऑफिस सभागार में वार्ता के लिए बुलाया। वार्ता के दौरान प्रबंधन ने जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि वर्षों से सेल प्रबंधन द्वारा सिविल कार्यों की अनदेखी की जा रही है। इसके कारण ठेका श्रमिकों के क्वार्टरों की छतों से बारिश का पानी टपक रहा है, जिससे मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि सेल प्रबंधन संचालित इस्को मिडिल स्कूल में पेड़ गिरने से स्कूल की छत क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसकी तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए। इसके अलावा ठेका श्रमिकों के क्वार्टरों के पास बनी नालियों की मरम्मत, क्वार्टरों के फर्श की मरम्मत तथा जिन क्वार्टरों में अब तक शौचालय नहीं बने हैं, वहां शौचालय निर्माण की मांग भी उठाई गई। यूनियन ने सफाई कर्मियों को आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने, बीएचटी मेडिकल के नाम पर कार्य से बैठाए गए सफाई कर्मियों का शीघ्र मेडिकल कराकर पुनः काम पर बहाल करने तथा बीएचटी मेडिकल की समय सीमा समाप्त होने की जानकारी समय पर एचआरडी विभाग द्वारा उपलब्ध कराने की मांग की। रामा पांडे ने आरोप लगाया कि कई ठेका मजदूरों के आधार कार्ड, स्कूल सर्टिफिकेट में उम्र 40 से 50 वर्ष दर्ज होने के बावजूद सेल प्रबंधन मनमाने ढंग से उनकी उम्र 60 वर्ष दर्ज कर रहा है, जिससे उनकी सेवा अवधि समाप्त हो रही है। उन्होंने इसकी जांच कराने और ठेका मजदूरों की लंबित पेंशन योजना को तत्काल लागू करने की भी मांग की। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!