सड़क निर्माण में देरी पर ग्रामीणों का आरईओ कार्यालय के समक्ष धरना
माधव चन्द्र कुंकल के नेतृत्व में प्रदर्शन, दो माह में काम पूरा नहीं होने पर तालाबंदी की चेतावनी

चाईबासा के मंझारी और तांतनगर प्रखंड की विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य में हो रही देरी और धीमी प्रगति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। जिला परिषद सदस्य माधव चन्द्र कुंकल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आरईओ विभाग कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया।
धरना के दौरान माधव चन्द्र कुंकल ने कहा कि मंझारी प्रखंड के मेरोमहोनर पंचायत अंतर्गत बुनुमलता के जगदा तालाब चौक से पुड़दा होते हुए तिरिलपी तक तथा तांतनगर प्रखंड के सिलपुंजी से गंजीया तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास 9 मार्च 2024 को विधायक निरल पूर्ति द्वारा किया गया था। बावजूद इसके दो वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने इसे विभागीय लापरवाही बताते हुए कहा कि जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
ग्रामीणों ने मांग की कि मंझारी नहर से मुलियाबासा तक सड़क सुदृढ़ीकरण तथा रंकुई चौक से कुंदरुगुटू तक सड़क निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा किया जाए, ताकि बरसात से पहले लोगों को राहत मिल सके।
धरना में शामिल रेयांश समड ने कहा कि सरकार चुनाव परिणाम तीन दिनों में जारी कर देती है, लेकिन चीटीमिटी से खासपुखरिया और पुटीसीया चौक से लगड़ा उड़ीसा सीमा तक सड़क तीन वर्षों से अधूरी पड़ी है। उन्होंने इसे सरकार की विफलता बताया।
ग्रामीण महिला बसंती कुई बिरुवा ने कहा कि मंझारी नहर से मुलियाबासा जाने वाली सड़क जंगुला के पास बेहद जर्जर हो चुकी है। खराब सड़क के कारण गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती और मरीजों को खटिया में ढोकर अस्पताल ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि दो माह के भीतर सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया, तो आरईओ विभाग कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
धरना कार्यक्रम में शत्रुघ्न कुंकल, मनोज सिंह गोप, रॉबिंस अल्डा, चांदु बिरुवा, सिकंदर बिरुवा, छोटा बिरुवा, रूपा बिरुवा, जगदीश बिरुवा, राज बिरुवा, सूरसिंह बिरुवा, गुरुचरण बिरुवा, सामु बिरुवा, गीता बिरुवा, आदेश बिरुवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे।




