Welcome to चाईबासा न्यूज अपडेट्स   Click to listen highlighted text! Welcome to चाईबासा न्यूज अपडेट्स
लोकल न्यूज़

डांगोवापोसी रेलवे क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, स्ट्रक्चर से गिरकर मजदूर की जान गई

डांगोवापोसी में 100 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर से गिरकर मजदूर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चक्रधरपुर रेल डिवीजन के डांगोवापोसी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में गुवा के कल्याण नगर निवासी 32 वर्षीय मजदूर समीर खान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कैरेज एंड वैगन विभाग के सीक लाइन क्षेत्र में करीब 80 से 100 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर की ब्लू शीट बदलने के दौरान वह नीचे गिर गया। घटना के बाद साथी मजदूरों और परिजनों में आक्रोश है। सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय मौसम खराब था और बारिश भी हो रही थी। इसके बावजूद मजदूरों से इतनी ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। आरोप है कि समीर खान को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना स्ट्रक्चर पर चढ़ाया गया था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे तत्काल वाहन से टाटा स्टील नोवामुंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि ऊंचाई पर काम करने वाले मजदूर को सेफ्टी हार्नेस, बेल्ट, हेलमेट, सुरक्षा रस्सी और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। यदि उपकरण मौजूद थे तो हादसा कैसे हुआ और यदि नहीं थे तो इतनी ऊंचाई पर काम की अनुमति किसने दी? मजदूरों और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में ठेकेदार, सुपरवाइजर या किसी जिम्मेदार अधिकारी की लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही मृतक के एक आश्रित को रेलवे में नौकरी और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई है। हादसे ने रेलवे परिसर में ठेका कार्यों की सुरक्षा निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!